जाम लगाए लोगों को समझाते कोतवाल
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में नेवादा-औनादेवकली मार्ग पर बाइक से गिरी विवाहिता को ट्रैक्टर ट्रॉली ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका मासूम बेटा भी गंंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने संपर्क मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
तहसीलदार संडीला के मौके पर पहुंचने और कार्रवाई के प्रति आश्वस्त किए जाने पर ग्रामीण शांत हो गए। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम औनादेवकली निवासी रंजीत खेती करता है। उसकी ससुराल लखनऊ जनपद के इटौंजा थाना क्षेत्र के ग्राम करौंधी में है। रविवार को वह अपनी पत्नी संजना (22) और छह माह के पुत्र के साथ बाइक से करौंधी गया था।
सोमवार शाम तीनों बाइक से वापस घर आ रहे थे। औनादेवकली के निकट एक ईंट भट्ठे से ट्रैक्टर ट्राली लेकर निकले चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके कारण संजना गिर गई और फिर ट्राली का पिछला पहिया संजना के ऊपर से निकल गया।
घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि उसकी गोद से उछलकर गिरा मासूम चुटहिल हो गया। घटना का पता चलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए और शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
इस सूचना पर संडीला के तहसीलदार अंबिका चौधरी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने आरोपी ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कराने और नियमानुसार मुआवजा दिलाने की बात कही। इस पर ग्रामीण और परिजन शांत हो गए। तब शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया गया।