इटावा के सैफई स्थित मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती फर्रुखाबाद जेल के सजायाफ्ता कैदी संदीप सिंह (28) की उपचार के दौरान मौत होने पर परिजनों ने जेल के अफसरों पर पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भाई के मुताबिक, पांच नवंबर को जेल से फोन पर संदीप की तबीयत ज्यादा खराब होने की जानकारी पर जेल पहुंचे और पुलिस अभिरक्षा में सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में भर्ती कराया गया। संदीप के भाई कौशलेंद्र के मुताबिक, अस्पताल में संदीप बोल नहीं पा रहा था।
इशारा कर केवल अपने शरीर के चोटों के निशान दिखा रहा था। परिजनों का आरोप है कि जिला जेल में उसके भाई को पीटा गया। उसके बाद हालत बिगड़ने पर मेडिकल यूनिवर्सिटी सैफई में भर्ती कराया गया। यूनिवर्सिटी में भी संदीप के इलाज में लापरवाही बरती गई।
शनिवार को देर शाम उसकी मौत हो गई। उधर, संदीप की अस्पताल में मौत की खबर जेल में बंदियों तक पहुंची तो वह आक्रोशित हो गए। साथी की मौत से नाराज बंदियों ने जेल में हंगामा किया। जेल के अफसरों के साथ मारपीट की। पथराव भी किया। पुलिस व जेल प्रशासन को हालात पर काबू पाने के लिए फायरिंग भी करनी पड़ी।
सूचना पर इटावा में भी बरती गई सतर्कता
सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में कैदी संदीप सिंह की मौत की खबर के बाद फर्रुखाबाद प्रशासन ने जिला प्रशासन को घटनाक्रम से अवगत कराया। साथ ही सतर्कता बरतने के लिए कहा। मेडिकल यूनिवर्सिटी व पोस्टमार्टम हाउस में किसी तरह का बवाल न हो सके, इसको देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई। सैफई सीओ विजय सिंह व थाना प्रभारी तारिक खान फोर्स संग अस्पताल व पोस्टमार्टम हाउस में डटे रहे। नायब तहसीलदार सूरज प्रताप ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।