दिल्ली पुलिस ने उत्तराखंड के पूर्व राज्यमंत्री और भारतीय सर्व समाज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकुमार वालिया के फ्लैट से 55 लाख रुपये चोरी करने वाले कर्मचारी को नौबस्ता से दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी का माल बरामद किया है। इंस्पेक्टर नौबस्ता संजय कुमार पांडेय ने बताया कि रामकुमार वालिया दिल्ली के सफदरगंज थाना क्षेत्र स्थित अर्जुननगर में सफदरजंग इनक्लेव में रहते हैं।
12 नवंबर की देर रात एक आयोजन के दौरान उनके फ्लैट से रुपये और जेवर भरा बैग चोरी हो गया था। बैग में 50 लाख रुपये कैश और करीब सात तोला सोना था। तहरीर में उन्होंने नौबस्ता के आवास विकास कॉलोनी निवासी अपने कर्मचारी जयप्रकाश गुप्ता पर शक जाहिर किया था। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद से वह गायब था।
सफदरजंग पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। 22 नवंबर की रात जयप्रकाश की लोकेशन नौबस्ता क्षेत्र में मिली लेकिन मोबाइल बंद हो गया। बुधवार को मोबाइल खुला और कुछ देर बाद दोबारा बंद हुआ। इसके बाद पुलिस टीम लोकेशन ट्रेस करते हुए गुरुवार तड़के उसके घर पहुंची और उसे दबोच लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी का माल बरामद कर लिया। देर शाम थाने में लिखापढ़ी करने के बाद पुलिस उसे अपने साथ दिल्ली ले गई।