फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Water Crisis: भीषण गर्मी में एक लाख लोगों को नहीं मिलेगा पानी, जलकल विभाग नहीं कर पाया मरम्मत, बैराज प्लांट भी दो दिन से बंद

Thu, 23 Jun 2022 08:55 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

बर्रा में सचान चौराहे के पास नहर के नीचे टूटी पाइप लाइन की जलकल विभाग मरम्मत नहीं कर पाया है। साथ ही, निराला नगर सहित दो जोनल पंपिंग स्टेशन भी बंद हैं। इससे दो-तीन दिन और जल संकट रहने की आशंका है। 
विज्ञापन
फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर में जलकल विभाग की लापरवाही से भीषण गर्मी में भी साउथ के करीब एक लाख लोग पानी संकट का सामना करने को मजबूर हैं। लोगों की प्यास बुझाने के लिए भेजे गए पांच टैंकर भी गला तर करने में असफल रहे। प्रभावित लोग पड़ोसियों के सबमर्सिबल या सार्वजनिक सबमर्सिबल, हैंडपंपों से पानी भरने के लिए मजबूर हैं। तमाम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो गई है। उधर, जलकल विभाग का कहना है कि नहर के नीचे टूटी पाइप लाइन की मरम्मत की जा रही है, इस वजह से दो - तीन दिन और दिक्कत रहेगी। 

विज्ञापन

गुजैनी वॉटर वर्क्स से उस्मानपुर, निराला नगर जोनल पंपिंग स्टेशनों में पानी पहुंचाने वाली मुख्य पाइप लाइन 28 दिन पहले बर्रा में सचान गेस्ट हाउस चौराहे के पास टूट गई थी। यह पाइप लाइन वहां से निकल रही नहर के नीचे से बिछी है। 10 दिन बाद इसका पता चलने पर जलकल विभाग ने आशंका जताई थी कि जेसीबी से नहर की सफाई के दौरान ठेकेदार की लापरवाही से यह पाइप लाइन टूट गई थी, पर उस समय नहर बंद कराकर टूटा पाइप नहीं जोड़ा गया।

इससे जहां एक तरफ रोज एक करोड़ लीटर से ज्यादा पानी बर्बाद हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ निराला नगर, उस्मानपुर जोनल पंपिंग स्टेशनों में पानी नहीं पहुंच पा रहा था। इस वजह से इन पंपिंग स्टेशनों के आसपास के मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप है। तीन दिन पहले नहर और बर्रा की तरफ स्थित एयर वाल्व बंद कर टूटे पाइप की मरम्मत शुरू की गई, पर अभी तक यह कार्य अधूरा है। उधर, इसकी वजह से बर्रा में भूत बंगला के आसपास भी पानी की आपूर्ति ठप है। 

इन मोहल्लों में है पानी का संकट
निराला नगर, जूही लाल कालोनी, जूही सफेद कालोनी, जूही हरी कालोनी, गोशाला, बारादेवी, साकेत नगर, उस्मानपुर, बर्रा-1 जेड ब्लाक, बर्रा-2 आदि।
बर्रा नहर के नीचे टूटे पाइप की मरम्मत कराई जा रही है। इस कार्य में दो-तीन दिन लगेंगे। प्रभावित मोहल्लों में पांच टैंकरों से पानी भेजा गया।  -प्रमोद कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता, जोन-3, जलकल विभाग

बैराज प्लांट दो दिन से ठप, पांच लाख लोगों को नहीं मिला पानी
गंगा बैराज स्थित जल निगम का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट दो दिन से बंद होने के कारण सिटी से साउथ तक करीब पांच लाख लोगों को पानी नहीं मिला। प्रभावित लोग पड़ोसियों के सबमर्सिबल, सार्वजनिक सबमर्सिबल, हैंडपंपों से पानी भरने के लिए मजबूर रहे। तमाम लोगों ने वाटर एटीएम, पानी की बोतलें खदीदकर प्यास बुझाई। जल निगम गंगा बैराज लगे जिस ट्रांसफार्मर से वहां स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट चलाकर सिटी और साउथ में करीब पांच लाख लोगों को पानी की आपूर्ति करता है। वह ट्रांसफार्मर 22 जून को सुबह फुंकने से प्लांट नहीं चल पाया था।

इस वजह से बैराज से सिटी में फूलबाग इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन और साउथ में गोशाला जोनल पंपिंग स्टेशन तक पानी नहीं पहुंच पाया था। हालांकि प्लांट की मुख्य पाइप लाइन से जुड़े जोनल पंपिंग स्टेशनों की पानी की टंकियों में जो पानी था, उससे बुधवार को सुबह लोगों का गला तर हुआ, पर शाम को पानी नहीं आया। जल निगम ने गुरुवार को सुबह ट्रांसफार्मर ठीक होते ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट चलाया, पर दो घंटे बाद ही दोबारा ट्रांसफार्मर फुंकने से पानी की आपूर्ति ठप हो गई।
विज्ञापन

जल निगम के अवर अभियंता राहुल तिवारी ने बताया कि ट्रांसफार्मर को जल्द से जल्द ठीक कराने की कोशिश की जा रही है। उम्मीद है कि 24 जून को दोपहर तक ट्रांसफार्मर से बिजली की आपूर्ति होने लगेगी। ऐसा होते ही बैराज वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से पानी की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। आसपास के मोहल्लों में लोगों के घरों तक शाम को पानी पहुंच जाएगा, जबकि दूर-दराज के मोहल्लों में 25 जून से सामान्य रूप से पानी की आपूर्ति होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें