केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान गांव कुबेरपुर के प्रधान इरफान खां के घर पहुंचे। वहां पुराने दोस्तों से मिले। करीब एक घंटा तक यहां रुके। पत्रकारों ने उनसे ज्ञानवापी मस्जिद, हिजाब प्रकरण, लाउडस्पीकर आदि मुद्दों पर सवाल किए। हर सवाल के जवाब में उनका एक ही जवाब रहा, वे संवैधानिक पद पर हैं। पद की गरिमा बनाए रखने के लिए उनका इन मुद्दों पर जवाब देना उचित नहीं है।
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान शनिवार को फर्रूखाबाद जिले के कायमगंज पहुंचे। गांव कुबेरपुर के प्रधान इरफान खां के घर अपने कई पुराने साथियों से दिल खोलकर मिले। इस दौरान पत्रकारों ने राजनीतिक मुद्दे से जुड़े सवाल किए तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। कहा कि वे एक संवैधानिक पद पर हैं और किसी भी वक्तिया मुद्दे पर बोलना उनका काम नहीं है।
विज्ञापन
ज्यादा उकसाने पर कहा कि इतना जरूर है देश तरक्की की ओर कदम बढ़ा रहा है और 10-15 साल में बहुत ऊंचाई पर पहुंच जाएगा। आरिफ मोहम्मद खान गांव कुबेरपुर के प्रधान इरफान खां के घर शाम करीब साढ़े चार बजे पहुंचे। वहां पुराने दोस्तों से मिले। करीब एक घंटा तक यहां रुके। पत्रकारों ने उनसे ज्ञानवापी मस्जिद, हिजाब प्रकरण, लाउडस्पीकर आदि मुद्दों पर सवाल किए।
हर सवाल के जवाब में उनका एक ही जवाब रहा, वे संवैधानिक पद पर हैं। पद की गरिमा बनाए रखने के लिए उनका इन मुद्दों पर जवाब देना उचित नहीं है। ज्यादा उकसाने पर बोले, वे बस इतना जानते हैं कि समाज में तनाव और दुराव पैदा करना देश हित में ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि देश संविधान और कानून से चल रहा है। आने वाले समय में देश बुलंदी पर होगा।
विज्ञापन
सभी को सकारात्मक सोच रखनी चाहिए, चाहे वह मीडिया हो या कोई और। इसके बाद राज्यपाल अपने काफिले के साथ गांव पितौरा निवासी बीमार चल रहे पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के चचेरे भाई सपा के पूर्व विधायक इजहार आलम खां के आवास पर उन्हें देखने पहुंचे।
पुराने साथी रहे पूर्व विधायक से उन्होंने हाल-चाल लिए, साथ ही उनकी बेटी मारिया आलम से घर परिवार की खैरियत पूछी। इसके बाद वे गांव सुभानपुर निवासी शादाब खान के आवास पर पहुंचे। यहां कुछ देर रुककर चले गए। डीएम संजय कुमार सिंह, एसडीएम गौरव शुक्ला के अलावा भारी फोर्स व अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विधायक डॉ. सुरभि, अजीत गंगवार, चेयरमैन सुनील चक, पूर्व विधायक अमर सिंह, कुलदीप गंगवार, फारुख खां, नदीम खां, आफताब खां, पप्पू खां, फती खां, जैगम खां आदि मौजूद रहे।
अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में साथ की थी पढ़ाई
केरल के राज्यपाल अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में पढ़े हैं। उनके साथ कायमगंज के लोग भी थे। तब के साथियों को वे अभी तक नहीं भूले। दमदमा निवासी आसिफ खां उनके दोस्त थे। दो वर्ष पहले उनका इंतकाल हो गया। कायमगंज की सीमा में घुसते ही दमदमा के पास उन्होंने गाड़ी रुकवाई, उनकी कब्र पहुंचे और फातिहा पढ़ी। गांव चौक निवासी शाहिद खां अलीगढ़ में उनके रूम पार्टनर रहे हैं। किसी कारणवश वह कुबेरपुर गांव में नहीं मिले। उन्होंने इरफान खां से चलते समय कई बार पूछा। उन्होंने कहा कि उन्हें बुलाया था, पर वे आ नहीं सके। इस पर राज्यपाल ने कहा कि मोबाइल नंबर दीजिए वे खुद बात करेंगे। इसके बाद उन्होंने अंदर जाकर फोन करके उनके हालचाल लिए। इस दौरान जरगाम खां, आमिर खां, लियाकत खां, बबलू खां, आदिल खां, मियां खां, कासिब, आमिर खां, अदनान शाह आदि मौजूद रहे।