कानपुर में गोविंदनगर थाने की जेब्रा में तैनात सिपाही ने सिलाई कारीगर सुभाष वर्मा के 36,500 रुपये और मोबाइल लौटाकर ईमानदारी की मिसाल कायम की। बुधवार रात सुभाष सीटीआई चौराहे पर नशे में धुत पड़े मिले थे।
जेब्रा सिपाही रामलखन ने बताया कि वह साथी सिपाही सुनील कुमार के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सीटीआई चौराहे के पास सड़क किनारे बेसुध पड़े सुभाष पर उनकी नजर पड़ी। हिलाने ढुलाने पर पता चला कि वह नशे में हैं।
तलाशी में उनके पास से मोबाइल और 36,500 रुपये पैंट की जेब से मिले। इसके बाद मोबाइल के जरिए परिजनों से संपर्क किया। कुछ ही देर बाद विजय नगर निवासी उनका बेटा अभिषेक मौके पर पहुंचा और उन्हें साथ ले गया। गुरुवार सुबह फोन करके सुभाष को थाने बुलाया गया। थाना प्रभारी संजीवकांत मिश्रा की मौजूदगी में उन्हें मोबाइल और रुपये लौटा दिए गए।