कानपुर देहात। वाहनों के टायर चुराने वाले एक गैंग का पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया। पुलिस ने छह शातिरों को गिरफ्तार कर चोरी के 16 टायर व वारदात में प्रयुक्त पिकअप व बाइक के साथ ही तमंचा व कारतूस बरामद किया है। आरोपियों पर पहले से चोरी, आबकारी व आर्म्स एक्ट के कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
एसपी सुनीति ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में सोमवार को बताया कि जिले में एक ऐसा चोर गैंग सक्रिय था, जो वाहनों के टायर चुराता था। इस गैंग ने जिले में कई दुकानों के ताले तोड़कर वाहनों के टायर चुराए थे।
पुलिस टीमें लगातार गैंग की तलाश में जुटीं थी। रविवार देर रात भोगनीपुर थाना प्रभारी अजय पाल सिंह व उनकी टीम ने गैंग के छह शातिरों को दबोच लिया। आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न वाहनों के 16 टायर, पांच मोबाइल फोन, दो तमंचे, कारतूस व वारदात में प्रयुक्त पिकअप व बाइक बरामद की गई।
आरोपियों ने 25 दिसंबर की रात भोगनीपुर में कालपी रोड स्थित दुकान का ताला तोड़कर ट्रक के आठ टायर, 31 दिसंबर की रात औरैया रोड स्थित दुकान से नौ टायर, 18 दिसंबर की रात अकबरपुर में एक दुकान का ताला तोड़कर चार टायर चोरी करने समेत कई अन्य घटनाओं को कबूला है।
गैंग से जुड़े कई और शातिरों के नाम आरोपियों ने बताए हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए छहों आरोपियों को सोमवार की दोपहर अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।
यह हुए गिरफ्तार
अकबरपुर के आलमचंद्रपुर निवासी विकास उर्फ अद्दू, डेरापुर के गुरियापुर निवासी धीरज, घाटमपुर कानपुर नगर के मिरानपुर निवासी विचित्र प्रताप सिंह, कुरारा हमीरपुर के रिठौरा गांव निवासी सुनील उर्फ छोटू, भोगनीपुर के देवीपुर निवासी ओम प्रकाश व घाटमपुर के शेखवाड़ा निवासी उवैश अब्दाल।
विकास के खिलाफ दर्ज 11 मामले
एसपी ने बताया कि पकड़े गए शातिरों का आपराधिक इतिहास है। विकास के खिलाफ कानपुर नगर व देहात के कई थानों में आबकारी, आर्म्स एक्ट व चोरी के 11 मामले दर्ज हैं। धीरज पर सात, ओम प्रकाश व सुनील पर चार-चार, विचित्र और उवैश के खिलाफ तीन-तीन मामले पहले से दर्ज हैं।