यूपी के घाटमपुर में युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। सुसाइड नोट में प्रेम-प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
घाटमपुर के भीतरगांव में साढ़ थाना क्षेत्र के मनियापुर गांव में मंगलवार को आधी रात एक युवक ने अपने दोस्त को वीडियो कॉल कर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात कही। दोस्त की सूचना पर परिजन पूरी रात उसकी तलाश करते रहे। बुधवार की सुबह गांव से दूर पेड़ पर उसका शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक युवक की जेब में मिले सुसाइड नोट में प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने की बात लिखी है।
विज्ञापन
मनियापुर गांव निवासी राजनारायण विश्वकर्मा के तीन पुत्रों में सबसे छोटा विनायक विश्वकर्मा (22) पानीपत में प्राइवेट नौकरी करता था। 11 मई को वह एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए यहां आया था। मंगलवार की रात वह बाइक से गांव से दूर एक बगिया में पहुंचा। वहीं से पानीपत में अपने रूम पार्टनर कुलदीप कुशवाहा को वीडियो कॉल कर फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई। कुलदीप ने इसकी सूचना विनायक के परिजनों को दी।
परिजन आधी रात के बाद गांव के आसपास उसकी खोजबीन जुट गए। बुधवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। साढ़ थाना प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि युवक के पास मिले सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में किसी लड़की से प्रेम प्रसंग में धोखा मिलने के बाद आत्महत्या करने की बात लिखी है। फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।