कानपुर देहात। गेहूं की सरकारी खरीद इस बार पंद्रह दिन पहले यानी एक अप्रैल से शुरू होगी। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल को जिला खरीद अधिकारी बनाया गया है जबकि, जिले में सात एजेंसियों से क्रय केंद्र खोलने के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं।
गेहूं खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 1975 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। पिछले दिनों सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। कृषि विभाग से जिले में गेहूं की उत्पादकता अनुमान का ब्योरा मांगा गया है।
इसके अनुसार गेहूं खरीद का लक्ष्य तय किया जाएगा। पिछले वर्ष 60 हजार मीट्रिक टन खरीद लक्ष्य था। 79 क्रय केंद्र बनाए गए थे। 6222 किसानों से 35707 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो सकी थी। इस बार लक्ष्य वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी शिशिर कुमार ने बताया कि गेहूं की खरीद के लिए तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्ताव आने के अनुसार क्रय केंद्र बनाए जाएंगे। इस बार खरीद लक्ष्य बढ़ने का अनुमान है।
कर्मचारी कल्याण निगम व एनसीसीएफ रहेगी बाहर
- खरीद के सापेक्ष किसानों का भुगतान नहीं करने पर गेहूं की सरकारी खरीद में एनसीसीएफ और कर्मचारी कल्याण निगम को बाहर रखा गया है। क्रय केंद्र खोलने के लिए नेफेड, भारतीय खाद्य निगम, खाद्य विभाग, यूपीएसएस व पीसीयू समेत सात एजेंसियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं।