कानपुर में बिरहाना रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय की बिल्डिंग में डिजिटल हट व लोन प्वाइंट कार्यालय की शुरुआत की गई है। पीएनबी का शहर में यह पहला डिजिटल कार्यालय है। वाराणसी से आए अंचल प्रबंधक राजेंद्र कुमार वशिष्ठ ने इसका शुभारंभ किया।
यहां बैंकिंग संबंधी सभी तरह के काम मसलन एटीएम, चेक कलेक्शन, पासबुक प्रिंटिंग, आरटीजीएस, एनईएफटी, नकद जमा आदि काम ग्राहक खुद ही कर सकेंगे। सहयोग के लिए यहां एक अधिकारी की तैनाती की गई है।
यह शाखा पूरी तरह से तकनीक पर आधारित है। इसके एक हिस्से में बने लोन प्वाइंट कार्यालय में 10 लाख से एक करोड़ रुपये तक के सभी खुदरा, कृषि, एमएसएमई लोन इसी शाखा से ऑनलाइन तरीके से स्वीकृत किए जाएंगे।
अंचल प्रबंधक ने कहा कि इससे समय की बचत होगी। कागजी कार्यवाही से राहत मिलेगी। इस मौके पर मंडल प्रमुख रंजना खरे, सुधीर भास्कर, राजीव जैन, सलाहुददीन खान, अनिल मिश्र आदि मौजूद रहे।