भवन के पीछे की दीवार बेल्चा से तोड़कर पंपिंग सेट से पानी डाला गया
पूरे भवन में धुआं भरने से कोई अंदर नहीं घुस सका। आग पर काबू मिलते न देख भवन के पीछे की दीवार बेल्चा से तोड़कर पंपिंग सेट से पानी डाला गया। करीब 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका। कर्मचारियों को लगाकर जली हुईं मशीनें, बैटरी, बक्से व अभिलेख आदि बाहर निकालकर पास ही स्थित दूसरे वेयरहाउस में रखवाए गए।
कई जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तलवार लटकी
आग से अधिकांश मशीनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय प्रकाश त्रिपाठी, सीओ सिटी प्रदीप सिंह, एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति मौजूद रहे। शाम को निर्वाचन आयोग से डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार सिंह ने वेयरहाउस की जांच की। फिलहाल आग की घटना से कई जिम्मेदारों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
जांच में लापरवाही की बात सामने आई
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि वेयर हाउस में अतिरिक्त व रिजेक्ट ईवीएम रखी थीं। आग लगने से आंशिक क्षति हुई है। प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही की बात सामने आई है। इसकी जांच के लिए सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सीएफओ व विद्युत सुरक्षा की तीन सदस्यीय संयुक्त टीम गठित की है। क्षति का आंकलन किया जा रहा है। मशीनों की टेस्टिंग के बाद ही स्थिति साफ होगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।