फतेहपुर जिले के बिंदकी में रविवार देर रात कोतवाली के खजुहा कस्बे के समीप एक व्यक्ति को टक्कर मार कर ट्रक मौके से भाग निकला। जानकारी पर पुलिस ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया। तभी बिंदकी कस्बे के अंबेडकर चौराहे के समीप कॉन्स्टेबल प्रमोद कुमार (27) ने ट्रक को रोकने का प्रयास किया तो ट्रक चालक ने उसे टक्कर मार दी। साथ ही तेज स्पीड में ट्रक को निकाल कर मौके से फरार हो गया।
चौराहे पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों व मौजूद लोगों ने सिपाही को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया। कानपुर हैलट में देर रात सिपाही ने दम तोड़ दिया। बताते चलें कि सिपाही 2019 बैच में भर्ती हुआ था। वह मूल रूप से मथुरा के जीवनी थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव का रहने वाला था।
सिपाही के पिता का नाम दामोदर है। दुर्घटना करने के बाद भाग रहे ट्रक का पुलिस ने पीछा किया। तो ट्रक चालक कस्बे से चार किलोमीटर दूर दरवेशाबाद गांव के समीप ट्रक को खड़ा कर मौके से भाग जाने में सफल रहा। जबकि मौके से ट्रक के खलासी को पुलिस ने पकड़ लिया।