एक पहाड़ की चढ़ाई पूरी करने के बाद दो दिनों तक भूख नहीं लगती और नींद नहीं आती है। सिर दर्द भी होता रहता है, लेकिन कुछ पाने के लिए कुछ खोना तो पड़ेगा ही न। यह कहना है कि श्याम नगर निवासी पारुल सिंह का। पारुल ने पांच दिन में यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस की चढ़ाई पूरी की है।
चोटी की ऊंचाई 5642 मीटर है। पारुल ने आठ अगस्त को चढ़ाई शुरू की थी। 13 अगस्त को इन्होंने चोटी फतह कर ली थी। सात महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों पर चढ़कर रिकॉर्ड कायम करने का सपना संजोए पारुल बताते हैं कि रूस में स्थित चोटी के जैसे-जैसे पास पहुंच रहे थे, तापमान कम हो रहा था।
एक समय तो माइनस 40 डिग्री तापमान था। होठ कांप रहे थे, हाथ-पैर सुन्न हो रहे थे। लेकिन लक्ष्य सामने दिख रहा था तो कदम अपने आप बढ़ रहे थे। पारुल के पिता आनंद सिंह सिविल कॉन्ट्रैक्टर और मां अंजू सिंह गृहिणी हैं।