मृतक की फाइल फोटो और रोते बिलखते परिजन
- फोटो : amar ujala
फतेहपुर जिले में बकेवर थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव के समीप बृहस्पतिवार रात डंपर की टक्कर से खेत से काम करके लौट रहे किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसके साथ मौजूद दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मोहद्दीपुर निवासी अशोक उर्फ बेटन (40) गुरुवार रात खेत से काम करके मजदूर सुभाष और शिवराज के साथ घर लौट रहा था। गांव के समीप डंपर ने तीनों को टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुभाष और शिवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दिन करवा चौथ होने के कारण अशोक की पत्नी विनीता उसके घर लौटने का इंतजार कर रही थी।