कानपुर में क्राइम ब्रांच ने साइबर ठगों के एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर छह शातिरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक इंश्योरेंस कंपनी के ग्राहकों का डाटा खरीदते थे। फिर ग्राहकों से संपर्क कर पॉलिसी के नवीनीकरण का झांसा देकर उनसे ठगी करते थे।
अब तक की जांच में दो साल के भीतर करीब दो करोड़ रुपये की ठगी का खुलासा हुआ है। तफ्तीश जारी है। आरोपियों के कुल 33 बैंक खाते मिले हैं। क्राइम ब्रांच के एडीसीपी दीपक भूकर ने बताया कि नौरंगाबाद, इटावा निवासी शिवम कुशवाहा, डलमऊ रायबरेली के वरुण सिंह व करन सिंह, हमदर्द नगर रतिया मार्ग दिल्ली के आशीष और डीडीए वेस्ट दिल्ली के करन शर्मा व अमन को गिरफ्तार किया गया है।
शिवम गैंग का लीडर है। जांच में पता चला कि आरोपी मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का ग्राहकों का डाटा उनके एजेंट से खरीदते थे। इसमें उनको ग्राहक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, पॉलिसी नंबर समेत अन्य विवरण मिल जाता था।
जिनकी पॉलिसी की किश्त देने का समय आता था तो ये आरोपी उनसे फोन पर बतौर इंश्योरेंस कंपनी के एजेंट बनकर बात करते थे। पॉलिसी की राशि दस फीसदी छूट के साथ जमा करने का झांसा देते थे।