कोरोनाकाल में उपजे आर्थिक संकट के बीच आईआईटी कानपुर के छात्र एक करोड़ से अधिक का पैकेज पाने में सफल रहे। आईआईटी के एक छात्र को मल्टीनेशनल कंपनी से सर्वाधिक 1.47 करोड़ रुपये का पैकेज मिला है।
यह इस बार का सर्वाधिक पैकेज है। हालांकि अभी प्लेसमेंट ड्राइव नौ दिसंबर तक चलेगी। देश की कंपनियों ने 82 लाख रुपये तक का अधिकतम पैकेज ऑफर किया है। पहले दो दिन में आईआईटी कानपुर का प्लेसमेंट अन्य सभी आईआईटी की तुलना में काफी अच्छा रहा।
हालांकि आईआईटी की ओर से इस बार जॉब पाने वाले छात्रों से संबंधित जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। आईआईटी में एक दिसंबर से पहले चरण की ऑनलाइन प्लेसमेंट ड्राइव शुरु हुई है। इसमें देश और विदेश की 120 कंपनियां भाग ले रहीं हैं।
पहले दिन करीब 200 छात्रों को जॉब ऑफर की गई। वहीं, दूसरे दिन 169 छात्रों को जॉब मिली। तीसरे दिन के पहले राउंड में 50 छात्रों को जॉब मिली जबकि दूसरा राउंड रात 12 बजे तक चलेगा। प्लेसमेंट प्रभारी प्रो. कांतेश बलानी के मुताबिक इस बार प्लेसमेंट ड्राइव नौ दिसंबर तक चलेगी।