खाद दुकानों का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। घटिया किस्म के बीजों की बिक्री और खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए कृषि विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी की। इस दौरान किसानों को गेहूं बिक्री के बाद बिल न देने और खाद स्टॉक रजिस्टर ठीक न मिलने पर पर जिला कृषि अधिकारी ने चार दुकानदारों को नोटिस थमाया। नोटिस का जवाब न मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी दी है।
जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार के नेतृत्व में कृषि अधिकारियों ने मंगलवार को गुरसहायगंज, तिर्वा, छिबरामऊ और कन्नौज शहर में खाद और बीज की 56 दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 28 दुकानों से सैंपल लिए। मनीष खाद भंडार मुरादगंज में स्टॉक रजिस्टर में गड़बड़ी, गुप्ता बीज भंडार, प्रजापति बीज भंडार और हनुमान ट्रेडिंग कंपनी गुरसहायगंज में किसानों को बगैर बिल गेहूं बीज की बिक्री करने पर नोटिस जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि नियमों को ताक पर रखकर खाद और बीज की बिक्री करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।