कन्नौज। खेतों में प्रधानमंत्री का पुतला फूंकने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया। वहीं फरार चार अन्य युवकों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जल्द फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गुरसहायगंज कोतवाली के गांव ब्राहिमपुर में शनिवार रात युवकों ने खेतों में प्रधानमंत्री का पुतला फूंक दिया था। आरोपियों ने इसका वीडियो भी जारी किया था। पुलिस ने सनी यादव उर्फ चैंपियन और पुष्पेंद्र, प्रवीन यादव, गोलू यादव, अनिकेत और बउआ यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। रात को ही दबिश देकर उप निरीक्षक राममनोज द्विवेदी ने सनी यादव उर्फ चैंपियन और पुष्पेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।