इंदरगढ़। तस्करी के लिए ले जाए जा रहे मवेशियों से भरा कंटेनर ग्रामीणों ने पकड़ लिया। कंटेनर के भीतर 60 मवेशी भूसे के तरह भरे थे। इसमें एक की मौत हो गई। सूचना पर गोरक्षा दल के पदाधिकारी और एसडीएम और सीओ मौके पर पर पहुंचे। कंटेनर चालक समेत पशु तस्कर मौके से भाग निकले। पुलिस जांच में जुटी है।
क्षेत्र के मढ़पुरा अर्जुनपुर गांव के पास गुरुवार को ग्रामीणों ने एक कंटेनर को रोका जिसमें पशु लदे थे। इस पर चालक और तस्कर भाग गए। सूचना पर गो रक्षक दल के जिलाध्यक्ष कौशलेंद्र तमाम कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। कंटेनर में भरे मवेशियों को नीचे उतरवाया। एक मवेशी की मौत हो गई थी। जानकारी होते ही एसडीएम तिर्वा राकेश कुमार त्यागी, सीओ दीपक दुबे, नायब तहसीलदार और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचे। मवेशियों को कलसान गोशाला भेजा गया। कार्यवाहक थाना प्रभारी राकेश कुमार पटेल का कहना है कि गोवंश निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मौके से बरामद कंटेनर और चालक की डिटेल को खंगाला जा रहा है।