छिबरामऊ। नोएडा से घर लौट रहे युवक को रोडवेज बस में जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। उसके बीस हजार रुपये व अन्य सामान समेट ले गए। चालक ने युवक को बेहोशी की हालत में पूर्वी बाईपास पर उतार दिया। युवक को सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिकंदरपुर क्षेत्र के करमुल्लापुर गांव निवासी विकास नोएडा में रहकर ओला ट्रेवल एजेंसी की कार चलाता है। रविवार रात वह अपने गांव के लिए नोएडा से निकला था। रास्ते में रोडवेज बस में जहरखुरानों ने उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद बीस हजार रुपये, मोबाइल व बैग समेट ले गए। बैग में कपड़े व कागजात थे। इधर, सोमवार सुबह रोडवेज बस चालक ने युवक को बेहोशी हालत में पूर्वी बाईपास पर उतार दिया। यहां पर मौजूद लोगों ने उसे सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। समाचार लिखे जाने तक युवक पूरी तरह होश में नहीं आ पाया था।