गुरसहायगंज(कन्नौज)। असलहे से लैस सपाइयों ने हिंदू युवा वाहिनी के जिला कार्यसमिति सदस्य को धमकाया है। गाड़ी में लगे झंडे को तोड़ दिया। मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। पीड़ित ने सपा के चार समर्थकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली इलाके के नौरंगपुर निवासी जितेंद्र सिंह हिंदू युवा वाहिनी के जिला कार्यसमिति सदस्य और विश्व हिंदू परिषद के सदस्य हैं। उन्होंने कोतवाली में गांव के सत्येंद्र यादव, रवि यादव, सुनील और सुरेंद्र यादव के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि यह लोग सपा के समर्थक हैं। वह चार पहिया वाहन से शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे घर जा रहे थे। रास्ते में इन लोगों ने अपने घर के सामने रोक लिया। गाड़ी रोकने के बाद सत्येंद्र यादव ने राइफल की नोक पर धमकी दी। गाड़ी में लगे भाजपा के झंडे तोड़ने लगे। विरोध किया तो मुख्यमंत्री योगी को अपशब्द कहे। काफी समझाने के बाद भी यह लोग नहीं माने। गाली गलौज करते रहे।
जितेंद्र ने बताया कि किसी तरह इन लोगों से निकलकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस को मामले का प्रार्थना पत्र दिया। पुलिस ने चारों के खिलाफ राइफल लेकर धमकाने और गाली गलौज कर मारपीट पर आमादा होने की रिपोर्ट दर्ज की है। भाजपा और सपा समर्थकों के बीच इस घटना के बाद दोनों पार्टी के समर्थकों के बीच तनातनी का माहौल बना हुआ है।