कन्नौज। सीओ सदर के खिलाफ सांकेतिक आंदोलन करते हुए मंगलवार को भी अधिवक्ताओं ने कामकाज नहीं किया। यह हड़ताल पर रहे। अब बुधवार से इसे अनिश्चितकालीन करने का निर्णय लिया गया है।
जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में मंगलवार को हड़ताल पर रहने के दौरान अधिवक्ताओं ने बैठक भी की। सीओ सदर पर अधिवक्ता के उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए निंदा की गई। कन्नौज बार एसोसिएशन अध्यक्ष राजेंद्र बाबू द्विवेदी की अगुवाई में बैठक हुई। अध्यक्ष ने कहा कि सीओ सदर शिव प्रताप सिंह लोगों को फर्जी फंसा रहे हैं। धन की मांग पूरी नहीं होने पर सीओ अधिवक्ता भूपेंद्र तोमर को फर्जी मुकदमों मेें फंसाकर जेल भेजने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले में दो दिन तक सांकेतिक हड़ताल के बाद भी पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान नहीं लिया है। इससे बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।
इस दौरान अधिवक्ता अनुराग अवस्थी, रामेंद्र सिंह कटारा, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, कृष्ण यादव और अखिलेश कुमार समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे। दूसरी ओर सीओ शिव प्रताप सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि जिस प्रकरण की बात हो रही, उसकी जांच वह कर ही नहीं रहे हैं।