कन्नौज। जिले में डेंगू का कहर जारी है। रविवार को भी एलाइजा जांच में 38 डेंगू पाजिटिव मिले। तीन मरीजों के हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की 14 टीमें गांव व शहर में कैंप लगाकर लोगों को उपचार दे रही हैं। विभागीय अधिकारी डेंगू प्रभावित गांव व शहर में जाकर साफ-सफाई की निर्देश दे रहे हैं।
जिले में डेंगू व बुखार का कहर जारी है। प्रति दिन डेंगू के नए केस मिल रहे हैं। स्वास्थ्य टीम डेंगू प्रभावित गांव में पहुंच कर लोगों के उपचार के साथ जांच कर रही हैं। डेंगू की पुष्टि होने पर पर उनको अस्पतालों में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। रविवार को जिले में 14 टीमों ने कैंप लगा कर उपचार दिया है। सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने कई गांव का निरीक्षण कर डेंगू व बुखार से पीड़ित मरीजों से बात की।
गांव की नालियों में लार्वा समाप्त करने की दवा का छिड़काव कराया है। ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि वह घर के अंदर या मकान की छत पर पानी जमा न होने दें। इसी तरह डेंगू बुखार के नोडल अधिकारी डॉ. बृजेश शुक्ला व डॉ. आतिफ ने शहर के कई मोहल्लों का भ्रमण कर लोगों से जानकारी ली। शहर में लगातार कैंप लगाया जा रहा है। इस के तहत रविवार को शहर के मोहल्ला तलैयाचौकी, गौरी शंकर मंदिर के निकट, काजीपुरा टीला, अहमदी टोला में कैंप लगा कर उपचार दिया गया।
इसी तरह गांव आकिलपुर, मोचीपुर, दाईपुर, जलालपुर सरवन, जसौली, इस्वापुर, वहबलपुर, अरुहो, गौरनपुर्वा, महतेपुर्वा में स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। जिला अस्पताल में डेंगू व बुखार के रोगी पहुंच रहे हैं। इन मरीजों की जांच में प्लेटलेस कम हो रहा है। मरीज को भर्ती करने के बाद जब दूसरे दिन जांच कराई जाती है, तो पाया जाता है कि प्लेटलेस और कम हो गए। इससे संबंधित मरीज को कानपुर रेफर किया जा रहा है। रविवार को तीन मरीजों को प्लेटलेस कम होने से कानपुर रेफर किया गया।