झांसी। मंद पड़ चुकी कोरोना वायरस की तीसरी लहर को मद्देनजर रखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू करने का फैसला लिया है। ठीक दो महीने बाद यहां पर सुपर स्पेशिलिस्ट चिकित्सक मरीजों का इलाज करेंगे।
मेडिकल कॉलेज में जब से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक शुरू हुआ है, तब से ही कोरोना वायरस के चलते इस बिल्डिंग का लाभ मरीजों को नहीं मिल पाया है। इसका शुभारंभ 2019 में हुआ और मार्च में पहले लॉकडाउन फिर इसके कोविड बिल्डिंग के रूप में तब्दील हो जाने के बाद से यहां पर कोरोना मरीजों को ही भर्ती किया जा रहा है। दूसरी लहर थमने के लिए जरूर एक-डेढ़ महीने के लिए व्यवस्था पटरी पर आई थी लेकिन 20 दिसंबर को कोरोना का पहला केस आने के बाद से यहां पर फिर कोविड रोगी भर्ती किए जाने लगे। अब कोविड के मामले बहुत कम रह गए हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मंगलवार से ब्लॉक की सभी यूनिटें शुरू करने का निर्णय ले लिया है। प्राचार्य डॉ. एनएस सेंगर ने बताया कि नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की ओपीडी पूर्व निर्धारित शेड्यूल के हिसाब से ही संचालित होगी।