एक किशोरी द्वारा सपा-बसपा के जिलाध्यक्ष समेत 28 लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराए जाने से बुधवार को जिले की सियासत में उबाल देखने को मिला। सपा-बसपा के नेताओं ने एक सुर में मामले की सीबीआई जांच की मांग की। जबकि, सपा ने पैदल मार्च भी निकाला।
इस सब के बीच मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ित किशोरी के बयान दर्ज कराए गए। वहीं, झांसी से पुलिस उप महानिरीक्षक जोगेंद्र कुमार भी शाम को ललितपुर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की रिपोर्ट ली।
एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा
मंगलवार को थाना कोतवाली में एक किशोरी ने अपने पिता, चाचा, ताऊ के अलावा सपा और बसपा के नेताओं समेत 28 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार को सुबह इसकी खबर लगते ही जिले की सियासत में उबाल आ गया। झांसी से सपा जिलाध्यक्ष महेश कश्यप के नेतृत्व में भारी संख्या में सपाई ललितपुर पहुंच गए। उन्होंने पैदल मार्च निकाला और डीएम-एसपी को ज्ञापन देकर मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। इन लोगों का कहना है कि एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। वहीं, बसपा की ओर से भी प्रशासन के समक्ष यही मांग रखी गई। इसी बीच शाम को मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़ित किशोरी के बयान दर्ज किए गए। सुरक्षा के लिए किशोरी के घर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।