झांसी। संविदा कर्मियों को नियमित करने, प्रबंध निदेशक के ‘परिवहन निगम मिटाओ’ नीतियों के चलते ‘प्रबंध निदेशक हटाओ, परिवहन निगम बचाओ’ सहित अन्य मांगों को लेकर रोडवेज कर्मचारी संघ झांसी इकाई के कर्मचारियों ने हंसारी डिपो परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इसके पश्चात उन्होंने मुख्य मंत्री, प्रमुख सचिव एवं प्रबंध निदेशक परिवहन निगम को संबोधित ज्ञापन झांसी क्षेत्र के आरएम संदीप अग्रवाल को सौंपा।
कर्मचारियों ने हंसारी स्थित परिवहन निगम के डिपो संविदा, आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित नियुक्ति प्रदान करने, समान कार्य के लिये समान वेतन दिए जाने, राज्य कर्मचारियों की भांति 28 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं अन्य सुविधाएं दिए जाने, संविदा कर्मचारियों का उनकी सुविधा अनुसार एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में स्थानांतरण किए जाने, ईटीएम मशीन एवं कलपुर्जों की आपूर्ति किए जाने को लेकर डिपो में धरना प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि परिवहन निगम सुरक्षित एवं सुगम सेवा प्रदान कर रहा है। वक्ताओं ने कहा कि परिवहन मंत्री को ऐसी तुच्छ मानसिकता को बदलना होगा। मांगों एवं ज्वलंत समस्याओं का निदान न होने की दशा में 21 अक्तूबर को परिवहन निगम मुख्यालय लखनऊ में होने वाले धरना प्रदर्शन में झांसी क्षेत्र के कर्मचारी बढ़-चढ़ कर भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। धरने में प्रमुख रूप से महामंत्री रमाकांत सचान, प्रांतीय कोषाध्यक्ष अवधेश सक्सेना, क्षेत्रीय संरक्षक दुर्गा प्रसाद स्वर्णकार, करीमउल्ला खां, अजय बिदुआ, संजय सिंह समेत सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।