झांसी। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कांग्रेस की यूपी प्रभारी पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि प्रियंका गांधी को सिर्फ चुनाव के समय ही उत्तर प्रदेश की याद आती है। उन्हें कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। सपा के बारे में कहा कि जनता उनके गुंडाराज को नहीं भूली है। भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने ये बात कहीं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2022 में विधानसभा चुनाव है, इसलिए प्रियंका यूपी में घूमने लगी हैं। पिछले चार सालों में उन्होंने प्रदेश की जनता का हाल तक नहीं जाना। आरोप लगाया कि कांग्रेस की गठबंधन की सरकार वाले महाराष्ट्र में महिलाओं पर खूब अत्याचार हो रहा है लेकिन वो उन्हें दिखाई नहीं देता। कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में कुपोषण के मामले भी बहुत अधिक हैं लेकिन वह उत्तर प्रदेश के गलत आंकड़े बताकर अपनी सियासत चमकाना चाहती हैं। हकीकत ये है कि योगी सरकार बनने के बाद प्रदेश में कुपोषण के मामलों में दो प्रतिशत तक की कमी आई है। प्रदेश अध्यक्ष ने सपा पर भी बड़ा हमला बोला। कहा कि सपा की सरकार में पीड़ित थाने तक नहीं पहुंच पाता था। यदि पहुंच भी जाता था तो उसकी एफआईआर दर्ज नहीं होती थी। सपा की गुंडई, अत्याचार, जमीनों पर कब्जे, उत्पीड़न के माहौल को जनता भूली नहीं है। इस दौरान महिला मोर्चा की प्रदेश सह प्रभारी अंजुला मौर्य, प्रदेश महामंत्री कीर्तिका अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, भाजपा महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुमन पुरोहित, चित्रा सिंह, प्रियांशु डे मौजूद रहे।
आज आएंगी राष्ट्रीय अध्यक्ष
प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी दी कि भाजपा कमल शक्ति संवाद के अंतर्गत मां दुर्गा के नौ रूपों से प्रेरित होकर महिला मोर्चा नारी सशक्तिकरण के विषय को लेकर कार्यक्रम की शुरूआत झांसी से करने जा रहा है। प्रदेश में नौ स्थानों पर यह कार्यक्रम हो रहा है। इसका शुभारंभ रविवार को दोपहर 12 बजे दीनदयाल सभागार में महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन करेंगी। समाज के प्रबुद्ध महिलाओं को आमंत्रित किया गया है, उन्हें महिलाओं के लिए किए गए कामों, सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।