युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जांच टीम मौके पर
- फोटो : अमर उजाला
गुरसराय थाने के कटरा मोहल्ला निवासी एक बीड़ी कारोबारी के घर में उसकी बारह साल की मासूम बच्ची मृत मिली। उसके कान के आसपास खून के धब्बे थे जबकि दाएं घुटने के पास हल्की खरोंच के निशान मिले हैं। हत्या की सूचना मिलने पर एसएसपी शिवहरि मीना पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
कटरा स्थित पीएनबी बैंक के पास बीडी कारोबारी अमित शुक्ला परिवार के साथ रहते हैं। पत्नी की तबियत खराब होने से वह इन दिनों कालपी गई हुई हैं। घर में उनकी इकलौती पुत्री खुशी (12) अकेली थी। अमित के मुताबिक बुधवार को वह कारोबार के सिलसिले में मऊरानीपुर गए हुए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे वह घर लौटे लेकिन, खुशी कहीं नजर नहीं आई।
तलाश करने पर वह कमरे में पलंग के नीचे अचेत मिली। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना अपने रिश्तेदारों को दी। आधी रात को वह खुशी को किसी तरह सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टरों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर गुरसराय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पिता ने पुत्री की हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी। देर-रात उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली।
एसएसपी शिवहरि मीना के मुताबिक मौत की वजह स्पस्ट नहीं हो सकी है। शरीर पर चोट के बहुत अधिक निशान भी नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।