झांसी। महानगर में बिजली पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को भी यही हाल रहा और हंसारी में ब्रेकर फट जाने के कारण सीपरी बाजार और नंदनपुरा क्षेत्र की बिजली चार घंटे गुल रही। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे 132 केवी हंसारी सब स्टेशन में ब्रेकर फट गया। इस कारण नंदनुपुरा, पुलिया नंबर नौ, सीपरी बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। सूचना विभाग के उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पेट्रोलिंग कराई गई। ब्रेकर बदलने का काम शुरू किया गया। बिजली नहीं आने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली घरों में लोगों के फोन घनघनाने लगे। बताया गया कि ब्रेकर फट गया है और उसका सुधार का कार्य चल रहा है। धीरे- धीरे करके चार घंटे बीत गए। इससे लोगों को असुविधा हुई। हर जगह अंधेरा पसरा होने के कारण बाजारों और अन्य प्रतिष्ठानों पर ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई। वहीं, ब्रेकर बदलने के बाद जैसे ही बिजली सुचारु की तो डिस्क पंक्चार हो गई। इसके बाद फिर पेट्रोलिंग कराई गई। बाद में फाल्ट को सही किया गया और बिजली रात करीब नौ बजे सुचारु हो गई।
चार बिजली चोर पकड़े
झांसी। सीपरी बाजार क्षेत्र में चलाए गए बिजली चेकिंग अभियान के दौरान चार बिजली चोर पकड़े। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। एसडीओ कन्हैया लाल के नेतृत्व में न्यू रायगंज में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दो लोग डायरेक्ट कटिया डालकर बिजली चोरी कर रहे थे और दो लोग मीटर बाईपास कर चोरी से बिजली जला रहे थे। बिजली विभाग की जांच टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी कराई।
एसडीओ की शिकायत जिलाधिकारी से
झांसी। नंदनपुरा क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर विभाग के एक एसडीओ के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। मोहल्लेवालों ने बताया कि एसडीओ बिना पैसे के कोई काम नहीं करते हैं। वह मीटर लगने के नाम पर पैसा मांग रहे हैं। कनेक्शन नहीं होने दे रहे हैं। गोकुलपुरी कॉलोनी में कटिया डालकर बिजली चोरी हो रही है। यहां पर पचास से साठ घरों में चोरी से बिजली जल रही है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है। आरोप लगाया कि बिजली चोरी के झूठे मुकदमे लगाए जा रहे हैं। शिकायत पत्र पर सिकंदर बेग, इश्तियाक खान, दीपक कुशवाहा, माजिद खान, ब्रजेंद्र पाल, पवन यादव, जगदीश यादव, सुनील यादव, प्रभुदयाल, राहुल सिंह आदि मौजूद रहे।