झांसी। सीबीएसई द्वारा आयोजित केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा पहले दिन तकनीकी दिक्कतों में उलझी रही। पहली पाली में सर्वर डाउन रहने से परीक्षा देर से शुरू हुई। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त कर दी गई। इसके चलते परीक्षार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सीबीएसई ने इस बार सीटीईटी परीक्षा ऑनलाइन कराने का फैसला किया था। इसके लिए झांसी में तीन केंद्र बनाए गए। बृहस्पतिवार को पहले दिन पहली पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षार्थी केंद्रों पर पहुंचे, तो सर्वर डाउन रहने से प्रश्नपत्र खुल ही नहीं सका। काफी देर बाद प्रश्नपत्र खुला। इसके बाद परीक्षार्थियों को पूरा दो घंटा 30 मिनट का समय दिया गया। पहली पाली में 790 परीक्षार्थियों में से 140 अनुपस्थित रहे। परीक्षार्थियों ने बताया कि बाल विकास और पर्यावरण अध्ययन का भाग सरल रहा जबकि गणित भाषा 1 और भाषा 2 के सवालों ने कुछ परेशान किया।
वहीं दूसरी पाली में उच्च प्राथमिक वर्ग की परीक्षा भी सर्वर डाउन रहने से शुरू नहीं हो सकी। बाद में बोर्ड के निर्देश पर परीक्षा को निरस्त कर दिया गया। सीबीएसई की जिला समन्वयक प्रीति खत्री ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण पूरे देश में ही दूसरी पाली की परीक्षा निरस्त कर दी गई है। अगली तारीख जल्द घोषित की जाएगी। शुक्रवार को भी परीक्षा नहीं होगी।