रक्सा थानांतर्गत हाइवे पर बैठे ेक जानवर को बचाने के प्रयास में सोमवार रात एक स्कार्पियो खिलौने की तरह पांच-छह पलटी ले गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसमें सवार सपा नेता संतराम पेंटर सहित दो लोग घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पठौरिया निवासी सपा नेता संतराम पेंटर शाम को एक पार्टी नेता द्वारा बबीना में आयोजित भंडारे में शामिल होने स्कॉर्पियो संख्या यूपी93एडी- 4786 से गए थे। स्कार्पियो को चालक राजेश कुमार यादव (23) पुत्र राजेंद्र सिंह यादव निवासी नया गांव पाल कॉलोनी सीपरी बाजार चला रहा था। कार में उनके साथ तारिक मकरानी निवासी मुकरयाना कोतवाली भी था। रात करीब साढ़े नौ बजे वह रक्सा के रास्ते से लौट रहे थे। रास्ते में हाइवे पर बाजना के सामने एकाएक चालक को हाइवे पर एक भैंसा बैठा दिखाई दिया, जिसे बचाने के लिए उसने स्टेयरिंग घुमा दी, जिससे वह असंतुलित हो गई और पांच-छह पलटे खाकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही मची चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर घायलों को बाहर निकाला मगर तब तक चालक राजेश की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया, जहां से परिजन ज्यादा चोट होने की वजह से संतराम पेंटर को प्राइवेट अस्पताल में ले गए।
गांजा से भरी कार मृत भैंसा से टकराई, चालक भागा
स्कार्पियो के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद भैंसा भागकर करीब 100 मीटर आगे पहुंच गया, जहां ट्रक की टक्कर से उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर थाना रक्सा पुलिस मौके पर पहुंची। उसने सुरक्षा के चलते शिवपुरी की तरफ से तेजी से आ रही एक वरना कार को टार्च जला कर सचेत होकर धीमी गति से निकलने का संकेत दिया। मगर चालक समझा कि पुलिस चेकिंग कर रही है। इस पर उसने स्पीड में कार दौड़ाई जिससे वह मृत भैंसा के ऊपर चढ़ कर काफी ऊपर उछली और पुलिस की जीप से टकरा गई। इससे पुलिस की जीप पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और चालक अरविंद घायल हो गया। हादसा होते ही चालक कार को छोड़कर भाग गया। जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसके अंदर से काफी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।