ग्वालियर मार्ग पर रेलवे क्रासिंग के उस पार पाल कॉलोनी तक सड़क चौड़ीकरण हो जाने के बाद भी अब तक बिजली के खंभे शिफ्ट नहीं हो सके हैं। खंभे सड़क के दायरे में आ गए हैं। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्वालियर रोड रेलवे क्रासिंग से लेकर पाल कॉलोनी तक डिवाइडर के दोनोें ओर की सड़क तीन-तीन मीटर चौड़ी हो गई है। सड़क के दायरे में आ रहे लो टेंशन लाइन के बिजली के खंभे राजकीय महिला पालीटेक्निक से लेकर बड़ा पुल के आगे तक के किनारे पर शिफ्ट कर दिए गए हैं। कुछ खंभे अभी भी हैं, जो फुटपाथ पर आ गए हैं।
इन खंभों को भी शिफ्ट करने की जरूरत है। यही नहीं, सड़क के किनारे से निकली हाईटेंशन लाइन के खंभे भी सड़क में आ गए हैं। हवाई पट्टी के किनारे रोड पर लगा एक खंभा तो इतना खतरनाक है कि यदि कोई वाहन चालक जरा सी भी असावधानी बरतेगा तो उसका दुर्घटनाग्रस्त होना तय है।
इसके अलावा बड़ा पुल के आसपास के भी कुछ खंभे ऐसे हैं जो सड़क के दायरे में आ गए हैं। माना कि बिजली विभाग से खंभों को शिफ्ट करने में देरी हो रही है। लेकिन, ऐसा तो नहीं है कि खंभों को भगवान भरोसे छोड़ दिया जाए। जनता की जान की सलामती के लिए जरूरी है कि इन खंभों पर ऐसा कोई संकेतक लगा दिया जाए, जिससे रात के अंधेरे या गाड़ियों की हेडलाइट के उजाले में दूर से दिखाई दे कि आगे खंभा है, जिससे गाड़ी चलाने वाले सचेत हो जाएं।
सड़क पर पेड़ भी बनेंगे मुसीबत
वन विभाग की अनापत्ति नहीं मिलने के कारण पेड़ नहीं काटे जा सके हैं। सड़क बन जाने के बाद यह पेड़ अब दुर्घटना का कारण बनेंगे।
नगर निगम ने बिजली विभाग को शटडाउन के लिए लिख दिया है। अब इंतजार किया जा रहा है। बिजली विभाग से शटडाउन मिलेगा, तभी खंभे शिफ्ट किए जाएंगे।
- बीएल गुप्ता, अधिशासी अभियंता नगर निगम
अभी एस्टीमेट स्वीकृत नहीं हुआ है। विभाग के उच्चाधिकारी जैसे ही एस्टीमेट स्वीकृत करेंगे, बिजली के खंभे शिफ्ट करने का काम शुरू हो जाएगा। इसमें अधिक देर नहीं लगेगी।
- गौरव कुमार, अधिशासी अभियंता (बिजली)