आजमगढ़ मार्ग स्थित मलमलवा पुल के समीप वाहनों की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से तमंचा, कारतूस व सोने के आभूषण बरामद किया।
शुक्रवार को दोपहर में पुलिस संदिग्ध लोगों व वाहन की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक पुलिस देख भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से तमंचा, दो कारतूस व बाइक के साथ ही सोने की चेन व अंगूठी बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी सूरज यादव निवासी गांव अरंद कोतवाली शाहगंज व दीपक दुबे निवासी भुसौड़ी थाना सरपतहां हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों का चालान कर दिया।