सतहरिया बाजार में शनिवार की शाम कार और बाइक में टक्कर में बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पवांरा थाना क्षेत्र के चितांव गांव निवासी बांकेलाल यादव (34) पुत्र विजयधर यादव शनिवार को हेलमेट लगाकर बाइक से मुंगराबादशाहपुर इलेक्ट्रॉनिक का सामान लेने गए थे। सामान लेकर घर लौट रहे थे। रास्ते में सतहरिया बाजार में सामने से आ रही कार की चपेट में आ गए। दुर्घटना में बाइक चालक बांकेलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर चौकी इंचार्ज सतहरिया अजय प्रकाश पांडेय व मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष संतोष शुक्ला घटनास्थल पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।