सिरसाकलार। संदिग्ध हालत में युवक का शव खेत पर लगे पेड़ पर फांसी पर लटका मिला। जब चरवाहों ने युवक का शव लटका देखा तो इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फांसी से उतारकर जांच-पड़ताल की। तलाशी में युवक की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चुर्खी थाना क्षेत्र के मुसमरिया गांव में गुरुवार को 21 वर्षीय युवक का शव खेत पर लगे नीम के पेड़ पर रस्सी से लटका मिला। गांव के चरवाहे खेत पर जानवर चराने गए थे। पेड़ पर शव लटका देख गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी। जिससे गांव में अफरातफरी मच गई और वहां ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को नीचे उतरवाया और जांच-पड़ताल की।
युवक की तलाशी लेने पर पुलिस को उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। जिसमें युवक का नाम यशंवत चौधरी निवासी उरसान थाना डेरापुर जनपद कानपुर देहात के रूप मेें हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह पता चलेगी।