उरई। आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए शहरी क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू हो गया है। नगर पालिका क्षेत्र में वार्डवार कैंप लगाकर लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना के जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आशीष झा ने बताया कि जिले में कुल 525210 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने हैं। इसमें शहरी क्षेत्र में 191638 लाभार्थी है। इसमें 39618 लाभार्थियों के गोल्डनकार्ड बनाए जा चुके हैं। जो कुल लाभार्थियों का 20.7 प्रतिशत है। शहरी क्षेत्र में जिन लाभार्थियों के पास गोल्डन कार्ड नहीं है। उनके लिए 16 अगस्त से नगर पालिका क्षेत्र के वार्डवार शिविर लगाकर गोल्डनकार्ड बनाने शुरू हो गए हैं। इसमें शहरी क्षेत्र की आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका की मदद से लाभार्थियों को बुलाकर गोल्डन कार्ड बनाए जाने हैं। वार्डों के सभासदों का भी सहयोग किया जा रहा है। गोल्डन कार्ड बनाने के लिए वार्डवार रोस्टर बना दिया गया और रोस्टर सभासदों को सौंप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि जालौन नगर में 31727 में से 7246 लाभार्थियों, कदौरा नगर में 7529 में से 1556, कालपी में 23572 में से 5876, कोंच में 36040 में से 8489, कोटरा में 4435 में से 456, माधौगढ़ 6302 में से 1733, नदीगांव में 4183 में 973, रामपुरा में 5039 में से 1108, ऊमरी में 4342 में से 897 और उरई नगर पालिका में 68469 में से 11284 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड अब तक बनाए जा चुके हैं। शेष लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू हो चुका है।