उरई। ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों की ओर से पुलिस को मौत की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव का जांच पड़ताल के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुठौंद थाना क्षेत्र के नकेलपुरा गांव निवासी गिरीश चतुर्वेदी के 26 वर्षीय पुत्र आशीष चतुर्वेदी की गुरुवार की सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मौत की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आशीष के परिजनों ने बताया कि मृतक आशीष औरैया जनपद के मोहल्ला ब्रह्मनगर में पत्नी और साली के साथ रहता था। सुबह के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जब परिजन उसे लेकर अस्पताल जा रहे थे तभी रास्ते में मौत हो गई। उसकी एक वर्ष पहले शादी हुई थी। वह औरैया जनपद में ही पत्नी के साथ रहता था। वहीं कुठौंद थाना के प्रभारी अरुण तिवारी ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है। पोस्टमार्टम के बाद आगे की जांच पड़ताल की जाएगी। वहीं क्षेत्र में चर्चा है कि बुधवार को वह अपने घर आया हुआ था। जहां पर उसका परिवार वालो से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।