गमगीन खड़े मृतक जितेंद्र के परिजन
- फोटो : ORAI
उरई। देर रात घर लौट रहे बाइक सवार युवक (प्राइवेट कर्मी) की बाइक अन्ना मवेशियों से टकरा गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। मौत की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया पटेल नगर निवासी जितेंद्र सिंह सेंगर (30) बुधवार की देर रात जालौन से उरई आ रहा था। उसकी बाइक उरई जालौन स्थित स्टेट हाइवे के बोहदपुरा के पास पहुंची। तभी किसी अन्ना मवेशी से टकरा गई। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया। राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सूचना देकर घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कालेज उरई पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भाई पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा था। वह प्राइवेट नौकरी करता था। अभी उसका विवाह नहीं हुआ था। मौत की खबर सुन मां चित्रा सिंह और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।