बताते चले कि जिले में सभी मौरंग घाट बंद है। बालू माफिया मध्य प्रदेश से माधौगढ़ व रामपुरा होते हुए जिले में मौरंग के ओवरलोड ट्रैक्टर व ट्रक ला रहे है। शुक्रवार को एसडीएम माधौगढ़ सौजन्य कुमार विकास को सूचना मिली कि मध्य प्रदेश से ट्रैक्टर के माध्यम से माफिया ऊंचा मोड़ होकर मौरंग ला रहे है। इस पर वह अपनी टीम के साथ ऊंचा मोड़ पर पहुंच गए और मौंरंग लदे ओवरलोड ट्रैक्टर को सीज कर दिया।
जैसे ही ट्रैक्टर पकड़े की सूचना मिली, वैसे ही दो स्कार्पियो में आधा दर्जन मौरंग माफिया मौके पर पहुंच गए और एसडीएम पर ट्रैक्टर छोड़ने के लिए दबाव बनाने लगे। इस पर एसडीएम व मौरंग माफियाओं में तीखी नोकझोंक हुई। माफियाओं ने दबाव बनाते हुई अपनी पहुंच का रौब दिखाते हुए एसडीएम को ट्रांसफर कराने की धमकी तक दे दी। मामला बढ़ते देख एसडीएम ने थाने की पुलिस मौके पर बुला ली, पुलिस को आता देख माफिया एसडीएम को चुनाव बाद देख लेने की धमकी देते हुए भाग गए।
एसडीएम ने मौरंग से लदे ट्रैक्टर को थाने में लाकर सीज कर दिया। एसडीएम का कहना है कि उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है साथ ही माफियाओं की पहचान की जा रही है। क्षेत्र से किसी कीमत पर ओवरलोडिंग नहीं होने दी जाएगी। एसडीएम ने स्वयं के लिए सुरक्षा की भी मांग की है।