बड़सर(हमीरपुर)। बड़सर पुलिस थाना के अंतर्गत छह साल की बच्ची के साथ दुराचार का मामला दर्ज हुआ है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी प्रवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी प्रवासी महेंद्र साहनी पुत्र राम सेवक साहनी गांव जंतीपुर दास, थाना बेहरा, जिला दरभंगा, बिहार का रहने वाला है। दुराचार के बाद आरोपी प्रवासी फरार बताया जा रहा है।
जानकारी अनुसार बुधवार को प्रवासी दंपति बच्चों को झुग्गियों में छोड़कर काम पर गए हुए थे। इसी बीच एक प्रवासी व्यक्ति ने छह साल की बच्ची को अकेला पाकर दुराचार किया। बच्ची के साथ हरकतें करते हुए दस साल के भाई ने देख लिया तथा पत्थर मारकर उसे भगाया। परिवार के सदस्यों को काम से लौटने पर इस घटना का पता चला। सूत्रों के मुताबिक प्रवासी परिवारों ने आरोपी प्रवासी की झुग्गी को जला डाला। परिवार के सदस्यों ने शुक्रवार को पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी प्रवासी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। डीएसपी धर्म चंद वर्मा का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है। उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्ची को मेडिकल जांच करवाने को जिला अस्पताल भेजा है तथा आरोपी की तलाश जारी है।