न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अब हाथरस डिपो आमदनी को बढ़ाने और यात्रियों को राहत देने में जुटा है। अब साधारण बसों में टिकट की बुकिंग होगी।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 77 बसें हैं। इसमें से दो दर्जन से अधिक बसें देहरादून, बल्लभगढ़, लखनऊ और मुरादाबाद आदि मार्गाें पर संचालित होती हैं। अब इन बसों में यात्रियों के लिए निगम द्वारा पहले टिकट बुकिंग की सुविधा की शुरुआत करने की तैयारी की जा रही है। निगम स्तर पर 2,400 बसों को पोर्टल पर जोड़ा जाएगा।
यदि किसी बस का किसी कारणवश संचालन नहीं हो पाता है या फिर समय में बदलाव होता है तो इसका यात्री को मोबाइल पर संदेश भेजकर दो घंटे पहले अवगत कराया जाएगा। क्षेत्रीय प्रबंधक स्तर से बस सेवा को निरस्त करने पर यात्रियों को किराये की राशि का ऑटोमेटिक रिफंड भी मिलेगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) हाथरस डिपो शशी रानी का कहना है कि पहले एसी बस में बुकिंग की शुरुआत की गई है। अब साधारण बसों में टिकट बुकिंग की सुविधा को शुरू किया जाएगा। अभी इस पर कार्य चल रहा है। संवाद