न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में निर्वाचन को लेकर जिला प्रशासन ने काका खींचना शुरू कर दिया है। तीनों विधानसभा क्षेत्र में होने वाली निर्वाचन प्रक्रिया की 109 सेक्टर, 14 जोनल मजिस्ट्रेट निगरानी करेंगे। बूथों पर होने वाली हर गतिविधि की रिपोर्ट समय-समय पर प्रशासन के जरिए आयोग को भेजी जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से विधानसभा 2022 निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर कमर कस ली गई है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समय-समय पर आयोग के निर्देश के क्रम में चुनाव की तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जिले में मतदान कराए जाने के लिए 399 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इन मतदेय स्थलों पर सभी मतदान संबंधी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। इन सुविधाओं की समय-समय पर निगरानी के लिए तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 109 सेक्टर व 14 जोनल मजिस्ट्रेट नामित किए गए हैं।
सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बूथों का निरीक्षण कर रहे हैं। बूथों के निरीक्षण में मिलने वाली कमियों की रिपोर्ट जोनल मजिस्ट्रेट को उपलब्ध करा रहे हैं। जोनल मजिस्ट्रेटों के जरिए इस रिपोर्ट को निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कि बूथों पर मिलने वाली सभी कमियों को संबंधित विभागों के माध्यम से दूर कराया जा सके। वही यह सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट ग्रामीण व शहरी अंचलों में भ्रमण कर मतदाताओं से वार्ता भी कर रहे हैं। अति संवेदनशील संवेदनशील क्षेत्रों में मतदाताओं से वार्ता कर शांतिपूर्ण मतदान कराए जाने के बारे में प्रेरित कर रहे हैं। वही क्षेत्र में असामाजिक तत्व द्वारा अराजकता फैलाने वालों पर भी निगरानी की जा रही है। संवाद