हाथरस में हादसे में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : amar ujala
आगरा-अलीगढ़ बाईपास पर बुधवार रात करीब 12 बजेे इगलास चौराहे के पास कैंटर से हुई भिड़ंत में मारुति वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे में वैन में सवार दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। कैंटर चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
इगलास थाना क्षेत्र के गांव टीकापुर से विजेंद्र सिंह पुत्र परसादी लाल अपने परिजनों के साथ वैन भाड़े पर लेकर कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव लहरा में एक सगाई समारोह में शिरकत करने आए थे। बुधवार रात करीब 12 बजे ये लोग बाईपास से होते हुए वापस टीकापुर जा रहे थे।
वैन को गांव का ही ब्रजपाल पुत्र राजकुमार चला रहा था। लहरा से कुछ दूर निकलते ही सामने से आ रहे दाल से लदे तेज रफ्तार आयशर कैंटर ने वैन को रौंद दिया। हादसा इतना जबर्दस्त था कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर हाईवे से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर यूपी 100 की पीआरवी और थाने की मोबाइल पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कैंटर चालक मौके से भाग निकला।
पुलिस ने सभी घायलों को बागला जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इमरजेंसी में घायलों को प्राथमिक उपचार देकर तुरंत अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। देर रात अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान वैन के मालिक व चालक ब्रजपाल और 15 वर्षीय रोहित पुत्र प्रेमपाल ने दम तोड़ दिया।
घायल विजेंद्र सिंह पुत्र परसादी लाल, इनके बेटे दुर्गेश और मदन, सरोज पत्नी प्रेमपाल, राजेंद्र पुत्र रामकिशोर निवासीगण टीकापुर मंजेश पत्नी मुकेश व इनका बेटा विक्रम निवासीगण डिबाई, बुलंदशहर व आगरा निवासी सुभाष आदि का इलाज चल रहा है। इस हादसे के कारण टीकापुर में मातम का माहौल है। कोतवाली हाथरस गेट पुलिस लिखित शिकायत मिलने पर आरोपी कैंटर चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की बात कह रही है।