सवायजपुर। बावन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम महरेपुर में ग्रामीणों की सुविधा के लिए बना हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर 15 वर्ष से बंद है। मरीजों को जांच कराने के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इसके बाद भी जिम्मेदार इस ओर गौर नहीं कर रहे हैं। हरदोई-सवायजपुर मार्ग पर स्थित महरेपुर गांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगभग नौ लाख रुपये खर्च कर बनाया गया हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बंद है।
इससे ग्रामीण टीकाकरण व अन्य बीमारियों की जांच के लिए भटक रहे हैं। प्रधान प्रतिनिधि नीरज सिंह ने बताया कि लगभग 15 साल पूर्व इस उपकेंद्र और दो साल पहले एक अतिरिक्त कक्ष का भी निर्माण कराया गया। यहां तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर कभी केंद्र पर नहीं आती हैं।
बताया कि इससे यह बंद रहता है। ऐसे में एएनएम को विद्यालय या गांव में मंदिर के पास टीकाकरण करना पड़ता है। प्रधान प्रतिनिधि ने डीएम से बंद उपकेंद्र चालू कराने की मांग की है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बावन के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पंकज मिश्रा ने बताया कि कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की दो साल से कोविड में ड्यूटी लगी है। केंद्र खुलता है, फिर भी जहां टीकाकरण कराने वाले लोगों की संख्या अधिक होती है, वहां किया जाता है। केंद्र पर भी एएनएम टीकाकरण करती हैं।