फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बंद का असर नही मगर सड़क पर दिखी किसानों की ताकत

विज्ञापन
कलक्ट्रेट जाते भाकियू टिकैत गुट के कार्यकर्ता।संवाद - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
हरदोई। संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से तीन कृषि कानूनों के विरोध में बुलाए गए भारत बंद का असर बाजारों पर तो नहीं दिखा, लेकिन सड़क पर उतरकर किसान संगठनों ने अपनी ताकत का एहसास कराया। कछौना में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराने का प्रयास किया, तो व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से झड़प हो गई और फिर बाजार नहीं बंद हुए। उधर, दूसरी ओर अरवल थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी पर बेड़ीजोर पुल पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने जाम लगा दिया। कुछ देर बाद ही जाम खुल गया। शहर में भी भाकियू के विभिन्न गुटों ने चौराहों पर धरना देकर जाम लगाने की कोशिश की। बाद में सभी कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और ज्ञापन सौंपा।
विज्ञापन

इनसेट
कलक्ट्रेट पहुंचकर किया प्रदर्शन, दिया ज्ञापन
भाकियू (अराजनीतिक) टिकैत गुट के जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। शहर में पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे इन लोगों ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में तीनों कृषि कानूनों को निरस्त किए जाने की मांग की गई है। भाकियू (राष्ट्रयतावादी) के जिलाध्यक्ष रामलखन पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सोल्जर बोर्ड चौराहा और सिनेमा चौराहा पर जाम लगाने का प्रयास किया। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया। मंडल अध्यक्ष रावेन्द्र सिंह चौहान भी मौजूद रहे। नवभारतीय किसान संगठन (अराजनीतिक) के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण आर्य के नेतृत्व में भी सिनेमा चौराहा और सोल्जर बोर्ड चौराहा पर जाम लगाने का प्रयास किया गया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया। भाकियू (राष्ट्रवादी) के जिलाध्यक्ष प्रेम सागर यादव के नेतृत्व में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा भाकियू अंबावता के जिलाध्यक्ष अशोक राठौर और भाकियू (राष्ट्रवादी, पुष्पराजगुट) के जिलाध्यक्ष राजकरन सिंह यादव के नेतृत्व में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
बेड़ीजोर पुल पर जाम लगाने के प्रयास में भाकियू नेता हिरासत में
हरपालपुर। संयुक्त किसान मोर्चा के निर्देश पर आयोजित भारत बंद के दौरान भाकियू (दशहरी) के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव के नेतृत्व में रामगंगा नदी पर अरवल थाना क्षेत्र में बने बेड़ीजोर पुल पर कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। हरदोई और कन्नौज को जोड़ने वाले इस पुल पर जाम लगाकर जमकर नारेबाजी की। पुलिस के मानमनौवल पर भी कार्यकर्ता नहीं हटे तो प्रमोद यादव को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद मौके पर मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश सिंह को ज्ञापन दिया गया। हिरासत में लिए गए प्रमोद सिंह यादव को बाद में छोड़ दिया गया। इस दौरान नरेंद्र यादव, मुकेश सिंह, अवधेश यादव, अलीमुद्दीन, सुरेश सिंह आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें