विधानसभा चुनाव 2017 का ऐलान होते ही जिले में चुनावी हलचल तेज हो गई है। जिले की सभी आठ विधानसभा सीटों पर तीसरे चरण में चुनाव होंगे। 24 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी जाएगी और 19 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। 3005 बूथों पर 27 लाख से अधिक वोटर अपने भावी विधायक का चुनाव करेंगे। कहीं किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाए इसके लिए पूरे जिले को 18 जोन और 191 सेक्टरों में बांटा गया है। चुनाव की घोषणा के साथ ही होर्डिंग, बैनर आदि को उतारने का अभियान भी शुरू कर दिया गया है।
चुनाव आयोग ने यूपी में विधानसभा चुनाव की घोषणा बुधवार दोपहर 12:15 बजे कर दी। इसके साथ ही जिला प्रशासन भी हरकत में आ गया। जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने तुरंत अधिकारियों को सभी दलों के होर्डिंग, बैनर आदि उतरवाने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में तीसरे चरण में वोटिंग कराई जाएगी। 24 जनवरी से 31 जनवरी तक सभी आठ सीटों के लिए नामांकन होगा। दो फरवरी को नामांकन फार्मों की जांच की जाएगी।
चार फरवरी को नाम वापस ले लिए सकेंगे और 19 फरवरी को वोटिंग होगी। पूरे प्रदेश में एक साथ 11 मार्च को मतगणना होगी। उन्होंने बताया कि चुनाव में गड़बड़ी रोकने और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए जिले को 18 जोन 191 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट पहले ही तैनात किए जा चुके हैं। जिले में 2076 मतदान केंद्र और 3005 बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर वोटरों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए रैंप, बिजली, सड़क आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश सभी एसडीएम और जिम्मेदार अधिकारियों को दिए गए हैं।
27 लाख से अधिक करेंगे मतदान
जिले की आठ विधानसभा सीटों के लिए इस बार 27 लाख से अधिक मतदाता मतदान करेंगे। आयोग ने मतदाताओं की बढ़ी संख्या का एमआईएस कॉपी जिले को मंगलवार शाम भेज दी है। नाम अभी बढ़ाए जाएंगे। पिछले पांच साल में दो लाख तीन हजार 414 मतदाता बढ़े हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुंज बिहारी अग्रवाल ने बताया कि आयोग की स्वीकृति के बाद जिले के सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में 3,72,567, शाहाबाद 3,35,812, हरदोई 3,83,648, गोपामऊ 3,24,608, सांडी 3,11,934, बिलग्राम 3,47,138, बालामऊ 3,37,418 एवं संडीला विधानसभा क्षेत्र में 3,25,701 मतदाता हैं।
ईवीएम में रहेगी प्रत्याशियों की तस्वीर
इस बार आप जब मतदान के दिन ईवीएम की बटन दबाने बूथ पर जाएंगे तो आपको ईवीएम पर प्रत्याशियों के नामों के साथ साथ उनकी फोटो भी लगी मिलेगी। जिससे मतदाताओं को उनको पहचानने में भी दिक्कत नहीं होगी। एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल ने बताया कि पूर्व के चुनावों में जहां एक नाम के दो-दो प्रत्याशी आ जाते थे, तो जो मतदाता प्रत्याशी के सिंबल नहीं पहचान पाते हैं वह भ्रमित होकर दूसरी जगह वोट दे देते हैं। लेकिन अब दिक्कत नहीं आएगी। मतदाताओं ने यदि अपने प्रत्याशियों को देखा है तो वह उनकी फोटो देखकर ही उनके सामने वाले निशान पर बटन दबा कर वोट दे सकेंगे।
20 हजार से ऊपर का पेमेंट सिर्फ चेक से
सहायक निर्वाचन अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि आयोग की गाइड लाइन के अनुसार इस बार प्रत्याशी को चुनावी खर्चा बड़ी ही सोंच समझकर करना पड़ेगा। 20 हजार से ऊपर का पेमेंट वह नगद नहीं कर सकेंगे। उनको इससे ऊपर का पेमेंट चेक या ड्राफ्ट के माध्यम से ही करना होगा।
12 जनवरी को हाथों में होगी मतदाता सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पहले दो जनवरी फिर पांच और अब तिथि बढ़ाकर 12 जनवरी कर दिया गया है। 12 जनवरी को प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करा दिया जाएगा। जिसके बाद मतदाता अपने नामों को मतदाता सूची में देख सकेंगे।
आयोग से यह भी भेजे गए निर्देश
1- प्रत्याशियों को 25 लाख में निपटाना होगा चुनावी खर्च।
2- उन पर कोई बकाया नहीं, देना होगा नामांकन में नोड्यूज।
3- टीवी पर होगा विज्ञापन तो वह भी खर्चों में जुड़ेगा।
4- सभी मतदाताओं के घरों में वितरित कराई जाएंगी वोटर पर्ची।
5- ईवीएम पर नोटा का भी कर सकेंगे इस्तेमाल।
6- मतदाताओं की सुविधा के लिए बूथों के बाहर होगी हेल्पडेस्क।
7- विद्युतीकरण न होने वाले बूथों पर लगाई जाएगी सोलर लाइटें।
8- गांव की आबादी से बूथ हो दूर तो लगाए जाए मार्ग में संकेतक।
9- मतदाता प्रतिशत बढ़ाने को लेकर प्रत्येक तहसील करें मतदाताओं के बीच प्रचार।
नामांकन के दौरान प्रत्याशियों को लगानी होगी फोटो
विधानसभा चुनाव में नामांकन पत्र में प्रत्याशियों को अन्य सूचनाएं अंकित करने के साथ ही इस बार अपनी फोटो भी लगानी होगी। अपर जिलाधिकारी कुंज बिहारी अग्रवाल ने बताया कि आयोग ने इस बार पहली बार नामांकन पत्र में फोटो लगाए जाने के निर्देश जारी किए हैं।
कार्यक्रम जारी होते ही एडीएम पहुंचे निर्वाचन कार्यालय
चुनावी कार्यक्रम जारी होते ही बुधवार दोपहर एडीएम कुंज बिहारी अग्रवाल ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय की नई इमारत में पहुंच गए और सहायक निर्वाचन अधिकारी व अन्य संबंधित जिम्मेदारों की बैठक कर दिशा निर्देश जारी कर दिए।