खेत में मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के गांव गोयना के जंगल में शुक्रवार रात से लापता 32 वर्षीय युवक नवीन का शव धान के खेत में पड़ा मिला। परिजनों ने रुपयों के लेनदेन को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस अत्यधिक शराब के सेवन से मौत होना मानकर चल रही है। परिजनों ने हत्या का शव फेंके जाने का आरोप लगा कोतवाली में तहरीर दी है।
परिजनों के अनुसार गांव गोयना निवासी शौदान सिंह का पुत्र नवीन शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर से निकला था। उसके फोन पर किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह परिजनों से बिना कुछ कहे घर से निकल गया। देर रात तक भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने खेत में उसका शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। परिजनों की माने तो नवीन के गले पर निशान हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि उसका गला दबाकर हत्या की गई है। नवीन की पत्नी प्रिया और उसके तीन बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना था कि रुपये के लेनदेन को लेकर उसका एक युवक से विवाद चल रहा था, उसी ने नवीन की हत्या की है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच के दौरान पता चला है कि नवीन शराब पीने का आदी था। हालांकि शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत का कारण पता चल सकेगा, जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।