जिले के 964 छात्रों को आज मिलेंगे स्मार्ट फोन और टैबलेट
हापुड़। छात्रों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में 964 छात्रों को स्मार्ट फोन और टैबलेट वितरित किए जाएंगे। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगे।
शासन ने तकनीकी और गैर तकनीकी छात्रों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए स्मार्ट फोन और टैबलेट वितरण का निर्णय लिया है। हापुड़ जिले के विभिन्न कॉलेजों के 23 हजार से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। यह आवेदन कॉलेजों ने यूनिवर्सिटी में जमा कराए थे, जिसके बाद शासन में सूची भेजी गई थी।
हापुड़ जिले के सिर्फ 200 छात्रों को ही पहले चरण में स्मार्ट फोन, टैबलेट मिले थे। अब शासन से वितरण के आदेश मिल चुके हैं, बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें विभिन्न स्कूलों के 964 छात्रों को आमंत्रित किया गया है। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह द्वारा इनका वितरण कराया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक निशा अस्थाना ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी पात्र 964 छात्रों को सूचना भेज दी गई है।