पटाखा फैक्टरी की जांच करते सीओ।
- फोटो : HAPUR
कोटला मेवतियान में अवैध पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़
हापुड़। दिवाली से पहले शहर में पटाखे बनाने का सिलसिला शुरू हो गया है। सीओ के नेतृत्व में पुलिस ने शनिवार को बुलंदशहर रोड पर अवैध रुप से संचालित पटाखा फैक्टरी पर छापा मारा। हालांकि पुलिस की भनक लगने पर आरोपी फैक्टरी बंद कर फरार हो गए। फैक्टरी से लाखों रुपये के 15 बोरे निर्मित, 15 बोरे अर्धनिर्मित पटाखे व अन्य सामान बरामद किया गया है।
शनिवार दोपहर सीओ सिटी वैभव पांडेय को सूचना मिली कि बुलंदशहर रोड कोटला मेवतियान में एक कोल्ड स्टोरेज के निकट एक मकान में पटाखों की अवैध फैक्टरी संचालित है। फैक्टरी में बड़ी मात्रा में पटाखों का निर्माण चल रहा था। सूचना पर उन्होंने पुलिस बल के साथ मौके पर छापा मारा। हालांकि फैक्टरी में मौजूद लोगों को पुलिस के पहुंचने की भनक लग गई और आरोपी ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस मुख्य द्वार के ताले को तोड़कर अंदर दाखिल हुई। जांच के दौरान पता चला कि फैक्टरी पत्थर वाला कुंआ के पास रहने वाले पप्पू व उसके भाई बब्लू चला रहे थे। वह काफी समय से यहां पटाखे बनाने का कार्य कर रहे थे और किसी को इसकी भनक नहीं थी। पुलिस ने भारी मात्रा में बरामद पटाखों को जब्त कर लिया। जबकि दोनों भाइयों की तलाश में दबिश दे रही है।
सीओ सिटी वैभव पांडेय ने बताया कि फैक्टरी का संचालन करने वाले दोनों भाइयों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि कोई अन्य तो इस पूरे मामले में शामिल नहीं है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।
दिवाली से पहले तेज हुआ पटाखे का कारोबार
शहर में अवैध पटाखों का कारोबार काफी पुराना है। एनसीआर में ग्रीन पटाखों के अलावा दूसरे पटाखों की बिक्री और निर्माण दोनों प्रतिबंधित हैं। लेकिन इसके बावजूद यह कारोबार फल फूल रहा है। ऐसे लोग शहर से निकलकर दूसरे अंजान ठिकानों पर इस प्रकार के कार्य कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस को इस मामले में और सख्ती दिखानी होगी।