मोहल्ला गिरधारी नगर में आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने एक फ्लोर मिल पर धावा बोलकर ट्रक चालक व क्लीनर को बंधक बनाकर मिल के गल्ले से 1.87 लाख रुपये लूट लिए। लूट की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पीड़ित फ्लोर मिल संचालक ने घटना की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार गिरधारीनगर निवासी चेतन की घर के समीप ही फ्लोर मिल है।
बृहस्पतिवार रात वह मिल बंद कर घर चले गए। रात करीब 12 बजे रामपुर के कस्बा कैमरी से ट्रक में लदकर उनकी मिल पर गेहूं आया था। इसी बीच बदमाशों ने वहां धावा बोल दिया। बदमाशों ने मिल के बाहर खड़े ट्रक चालक अंजार व आसिफ को बंधक बना लिया।
तीन बदमाश ट्रक में चढ़ गए उन्होंने क्लीनर व चालक के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जबकि चार से अधिक बदमाश मिल में घुस गए। बदमाश एसी को तोड़कर खिड़की के रास्ते मिल के ऑफिस में घुस गए और गल्ले में रखे 1.87 लाख रुपये लेकर भाग गए।
घटना की सूचना पर चेतन मिल में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पीड़ित ने बताया कि बदमाश उसके गल्ले से एक लाख 87 हजार रुपये व कीमती सामान ले गए। जबकि, चालक से दो हजार रुपये व मोबाइल लूट ले गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि बदमाशों की खोजबीन की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।